निदेशक बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार उत्तर प्रदेश की ओर से सोमवार को ब्लाक परिसर हॉल में बाल विकास पोषण माह का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों के पोषण से जुड़ी जानकारी दी गईं। अधिकारियों ने दवा पीने से छूटे बच्चाें को विटामिन ए की खुराक पिलाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल के अधीक्षक अवनीश कुमार ने आंगनबाड़ी सहायिकाआें तथा कार्यकत्रियाें को आवश्यक जानकारी दीं। कहा कि 9 से 36 माह के बच्चाें को कुपोषण से बचाने के लिए विटामिन ए की पांच खुराकें पिलानी चाहिए। जिनका अंतराल कम से कम छह माह होना चाहिए।
उन्होंने कुपोषण की रोकथाम के लिए 5 वर्ष तक के बच्चों का वजन कर ग्रेडिंग करने को कहा। बताया कि 6 माह बाद बच्चों को पूरक आहार देना चाहिए। बाल विकास परियोजना अधिकारी कु. छाया ने बताया कि यह कार्यक्रम साल में दो बार जून और दिसंबर में होता है।
ताकि छूटे हुए बच्चों की जानकारी कर उन्हें विटामिन ए की खुराक पिलवाई जा सके। कार्यक्रम को ब्लाक के एडीओ बेटालाल और सुपरवाइजर शोभा ने भी संबोधित किया। मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री साधना, शकुंतला, सुनीता, मीरा आदि समस्त कार्यकत्रियां एवं सहायिका मौजूद रहीं।