शाहाबाद। कोतवाली क्षेत्र में इंटर की परीक्षा देकर घर जा रही छात्रा के साथ रास्ते में एक युवक ने छेड़छाड़ की। शिकायत करने पर आरोपी युवक ने साथियों के साथ मिलकर छात्रा के मौसेरे भाई को मारपीट कर लहूलुहान कर दिया।
छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह कोतवाली क्षेत्र के एक कॉलेज से इंटर की परीक्षा देकर घर लौट रही थी। रास्ते में युवक सावंत कुमार ने उसके साथ छेड़छाड़ की। किसी तरह से वह खुद को छुड़ाकर पड़ोस में मौसा के घर गई और युवक की हरकत के बारे में उन्हें बताया। इस पर युवती के मौसेरे भाई ने आरोपी के घर जाकर शिकायत की। अगले दिन आरोपी युवक ने साथियों के साथ मिलकर छात्रा के मौसेरे भाई को मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। कोतवाल सुरेश कुमार मिश्रा ने आरोपी सावंत कुमार, रामकुमार, अभिषेक सिंह व रामू सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।