फोटो-10एयूआरपी-13-इकरा बानो की फाइल फोटो। संवाद
फोटो-10एयूआरपी-14- रेलवे लाइन किनारे जांच करती पुलिस। संवाद
- पुलिस आत्महत्या करने का कारण जानने में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर अछल्दा थाना क्षेत्र के बीरपुर के पास शनिवार सुबह नाबालिग छात्रा ने ट्रेन के आगे कूद कर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अछल्दा थाना क्षेत्र के मुक्खे की मड़ैया निवासी शमशुद्दीन की बेटी इकरा बानो (14) आदर्श इंटर कॉलेज अछल्दा में कक्षा नौ की छात्रा थी। शुक्रवार रात को वह खाना खाने के बाद सोने चली गई थी। शनिवार सुबह पांच बजे उसने बीरपुर के पास डाउन लाइन पर आ रही संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस के आगे कूद कर आत्महत्या कर ली। प्रत्यक्षदर्शियों ने आत्महत्या करने की जानकारी पुलिस को दी। सीओ बिधूना महेंद्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी सत्य प्रकाश ने शव को पटरी से हटाकर शिनाख्त करवाने का प्रयास किया। इस दौरान वहां पहुंचे शमशुद्दीन ने शव की शिनाख्त अपनी बेटी के रूप में की। इकरा की मौत पर परिवार में कोहराम मच गया। मां नसरीन, बहन गुलशन, शबाना व मुर्तजा का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतका के भाई इमरान ने बताया कि गुरुवार रात को बहन खाना खाने के बाद सोने चली गई थी। शनिवार सुबह करीब चार बजे वह बिना बताए निकल गई। परिजनों के जागने वह घर में नहीं मिली। इस पर उसकी गांव में तलाश कर रहे थे। इसी बीच बीरपुर में हादसा होने की बात पर वहां पहुंचे थे। थाना प्रभारी सत्यप्रकाश ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। छात्रा के आत्महत्या करने का कारण पता लगाया जा रहा है।