औरैया। शहर मोहल्ला आर्य नगर स्थित गायत्री शक्तिपीठ में चल रहे 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ में मंगलवार को आयोजित हवन में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने आहुतियां समर्पित की। इस दौरान आचार्यों ने यज्ञ एवं गायत्री मंत्र की व्याख्या करते हुए बताया कि गायत्री मंत्र एक ऐसा रसायन है, जिसके गायन से मानव शरीर के अंदर पॉजिटिव हार्मोन सक्रिय हो जाते हैं और मनुष्य के चिंतन, चरित्र और व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन हो जाता है। इस अवसर पर सायंकालीन बेला में विराट दीपयज्ञ का आयोजन किया गया। जिसमें पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य एवं माता भगवती देवी के विचारों को आत्मसात करने से ही व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण, समाज निर्माण एवं राष्ट्र निर्माण संभव है। आयोजकों ने बताया कि 16 अक्तूबर को सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक गायत्री महायज्ञ, विविध संस्कार, महापूर्णाहुति तत्पश्चात प्रसाद वितरण किया जाएगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।