एरवाकटरा। थाना क्षेत्र के गांव बरौनाकला में मंगलवार शाम एक 13 वर्षीय बालक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। हालांकि परिजन जीवित होने की संभावना को लेकर बालक को सैफई लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बरौनाकला निवासी दीपू चक्रवर्ती का 13 वर्षीय इकलौता पुत्र प्रिंस कक्षा-7 का छात्र था। मंगलवार शाम वह अचानक लापता हो गया। परिजन उसकी तलाश करते हुए घर के बगल तालाब पर पहुंचे। यहां तालाब किनारे प्रिंस की चप्पल पड़ी देखकर परिजनों को शंका हुई। इसी बीच तालाब में बकरी का शव उतराता मिला।
प्रिंस के डूबने की आशंका पर ग्रामीणों ने तालाब में खोजबीन शुरू की। सूचना पर पुलिस भी गांव पहुंच गई। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने तालाब में डूबे प्रिंस का शव ढूंढ निकाला। तालाब में बकरी का शव मिलने को लेकर ग्रामीण तमाम तरह की आशंका जताते रहे। चर्चा रही कि तालाब में गिरी बकरी को बाहर निकालने में बालक डूब गया।
उधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू की। तभी परिजनों को उसके जीवित होने की संभावना दिखी। इस पर वह बालक को सैफई लेकर पहुंचे।
एरवाकटरा थानाध्यक्ष संतप्रकाश पटेल ने बताया कि तालाब में डूबने से बालक की मौत हुई है। फिर भी परिजन उसके जीवित होने की उम्मीद लेकर बालक को सैफई लेकर गए थे। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया है। परिजन शव लेकर वापस लौट रहे हैं। शव आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।