शहर के प्राचीन गौरैया तालाब के सुंदरीकरण के लिए पालिका प्रशासन दो करोड़ रुपये खर्च करेगा। पालिका चेयरमैन प्रतिनिध लालजी शुक्ला व अधिशासी अधिकारी राधा तिवारी शनिवार को तालाब का निरीक्षण कर जल्द से जल्द गौरैया तालाब को सजाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
शहर के मुहाने पर स्थित सैकड़ों वर्ष पुराना गौरैया तालाब बदहाली और बेरूखी के कारण हासिए पर लगने को मजबूर हो गया था। तालाब की बदहाली के कारण आसपास के नागरिकों को भी मुसीबत का सामना करना पड़ता था। कई वर्षों से गंदगी व सीवर सिल्ट जमा होने के चलते तालाब निष्प्रयोज्य हो गया था।
नागरिकों की शिकायत पर अमल करते हुए आज नगर पालिका प्रतिनिध लालजी शुक्ला व नगर पालिका अधिशासी अधिकारी राधा तिवारी ने जेई पी.पी सिंह के साथ गौरैया तालाब का निरीक्षण कर लालजी शुक्ला ने बताया कि शहर में पक्के तालाब की तर्ज पर गौरैया तालाब का भी सौंदर्यीकरण होगा।
उन्होंने बताया कि अगले वित्तीय वर्ष में तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए 2 करोड़ से अधिक बजट को पास कराया जाएगा। जिससे तालाब को मनोरंजन व रमणीक स्थल बनाया जा सके। अधिशासी अधिकारी राधा तिवारी ने कहा कि तालाब के आस-पास जिन भू स्वामियों ने कब्जा कर रखा है उनको नोटिस देकर खाली कराया जाएगा। तालाब में किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर डा. रघुनंदन सिंह, रविंद्र मिश्रा, लल्ली तिवारी, लकी अवस्थी आदि लोग मौजूद रहे।