फोटो-4- सीएचसी में झुलसे बैठे भाई। संवाद
दिबियापुर। थाना क्षेत्र के गांव जलालपुर खरकपुर में सोमवार सुबह कूड़े के ढेर से उठी चिंगारी से घर के बाहर लगा छप्पर जलने लगा।
हादसे में छप्पर के पास बंधीं चार भैंसें और भैंस का एक बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया। वहीं मवेशियों को बचाने के प्रयास में जिला मुख्यालय ककोर में तैनात होमगार्ड व उसका छोटा भाई भी बुरी तरह झुलस गए। दोनों को नाजुक हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
घटना सोमवार सुबह करीब पौने 10 बजे कूड़े के ढेर में लगी आग अचानक फैल गई। आग ने पास ही बने छप्पर को चपेट में ले लिया। आग बुझाने और वहां बंधीं भैंसों को खोलने के चक्कर में दो भाई लिटिल दोहरे (25) और अनिरुद्ध (22) गंभीर रूप से झुलस गए। लिटिल जिला मुख्यालय ककोर में होमगार्ड है। हादसे में दोनों भाइयों के हाथ, पैर और पीठ झुलस गई है।
उधर गांव पहुंची दमकल की टीम ने 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस झुलसे युवकों को सीएचसी ले गई, वहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। उन्होंने पशु चिकित्सक डॉ. सचिन को बुलाकर झुलसे मवेशियों का इलाज शुरू कराया।
बिधूना नायब तहसीलदार हरिकिशोर और राजस्व निरीक्षक स्वदेश श्रीवास्तव ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। अधिकारियों ने नुकसान का आकलन कर पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द सरकारी मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया है।
पीड़ित परिवार गांव में ही दूध का कारोबार कर अपना गुजारा करता है। थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज मिश्रा ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया था। झुलसे युवकों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। तहसील प्रशासन मौके पर पहुंचा था।
फोटो-4- सीएचसी में झुलसे बैठे भाई। संवाद