दिबियापुर। चचेरे भतीजे का अपहरण कर 20 लाख की फिरौती मांगने वाले युवक और उसके दो साथियों के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की है। तीनों आरोपी घटना के बाद से जेल में हैं।
थाना दिबियापुर के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार शर्मा के अनुसार विशाल, विजय उर्फ कन्हैया यादव निवासी कनारपुर के साथ राहुल निवासी ग्राम वैदवा थाना अमापुर जनपद कासगंज का एक संगठित गिरोह है। इस गैंग का लीडर विशाल है। अन्य दोनों इस गैंग के सक्रिय सदस्य है। इस गैंग का मुख्य धंधा नाबालिग बच्चों का अपहरण कर फिरौती मांगने जैसा जघन्य अपराध करना है। तीनों के खिलाफ जिला मजिस्ट्रेट के अनुमोदन के बाद रिपोर्ट दर्ज की गई है। बताया कि गांव कनारपुर से मार्च माह में आलोक दुबे के पांच वर्षीय बेटे युग का घर के दरवाजे से अपहरण हो गया था। अपहरण कर्ता विशाल ने 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। पुलिस ने गायब बच्चे को जिला कासगंज से 12 घंटे में ही सकुशल बरामद कर लिया था।