औरैया। लूट और जानलेवा हमले जैसी वारदात को अंजाम देने वाले तीन अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत शिकंजा कसा है। आरोपी लाठी-डंडे, सरिया, हॉकी और धारदार हथियारों के बल पर घटनाओं को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैलाते थे।
पुलिस के अनुसार, गिरोह का सरगना शैलेंद्र यादव उर्फ शीलू यादव है। उसके साथ गिरोह में विवेक यादव और दिनेश यादव शामिल हैं। तीनों मूल रूप से सदर कोतवाली के गांव हीरापुर पुरवा दलपत के हैं, जो फिलहाल विनायक बिहार, ककरैठा थाना सिकंदरा आगरा में रह रहे थे। यह गिरोह जिला स्तर पर सक्रिय रहकर राहगीरों पर हमला कर रुपये व जेवरात लूट लेता था।
इस गिरोह ने 11 जुलाई 2025 को बाबरपुर के आसाराम राजपूत को टक्कर मारकर गिरा दिया था। इसके बाद लाठी-डंडों व हथियारों से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी और गले से सोने की चेन व 18,500 रुपये लूट लिए थे। कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।(संवाद)