मशीन रोककर उजड़ी बाजरा की फसल दिखाते किसान।
- फोटो : अमर उजाला
गेल की गैस पाइप लाइन डालने के विरोध में गुरुवार को किसानों ने जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। किसानों का विरोध देख पुलिस के साथ पहुंचे गेल इंजीनियर को बैकफुट पर आना पड़ा और खुदाई का काम बंद करा दिया। किसानों ने ऐलान किया है कि वे बिना मुआवजा खुदाई नहीं होने देंगे।
हल्दिया से दिबियापुर तक गेल की गैस पाइप लाइन डाली जा रही है। बुधवार को गेल के इंजीनियर सूर्यप्रकाश व राहुल चमरौआ गांव में पाइप लाइन डालने पहुंचे । किसानों ने विरोध किया। किसानों का कहना था कि उनकी फसल बर्बाद होगी। बिना मुआवजा के पाइप लाइन नहीं डालने देंगे। इस पर काम बंद हो गया था। गुरुवार को गेल इंजीनियर सूर्यप्रकाश भारी संख्या में पुलिस लेकर मौके पर पहुंचे। किसानों ने विरोध किया तो पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। इसके बाद जेसीबी से किसानों की फसल उजाड़ दी। कुछ देर में ही किसान लामबंद हो गए और हंगामा करने लगे। महिलाएं जेसीबी मशीन के सामने खड़ी हो गईं। विवाद बढ़ता देख गेल इंजीनियर पीछे हट गए। काम रोका गया। इसके बाद किसानों ने उच्चाधिकारियों से बात की। किसान शिवकुमार, जीतबाबू, वकील, राम किशोर, ओम बाबू, शिवकांती, रामबेटी ने कहा कि जब तक मुआवजा नहीं मिलेगा काम नही हाने देंगे। साइट इंजीनियर सूर्य प्रकाश ने कहा कि किसानों की मांग गलत है वह जगह उनके विभाग की है वह काम नियम के अनुसार करा रहे हैं।