वार्ता करते फ्यूचर च्वाइस ग्रुप के सीएमडी पीयूष दुबे व रज्जन तिवारी।
- फोटो : amarujala
औरैया। देश-विदेश में सफलता का परचम फहरा चुके युवा व्यापारी पीयूष दुबे अब जिले के बेरोजगारों को रोजगार देंगे। उनका कहना है कि जिले में जूस व वेबरेज की दो यूनिट लगाने की योजना है। जिसमें 200 युवाओं को प्रत्यक्ष व 1000 युवाओं को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा।
मूल रूप से शहर के मोहल्ला तिलक नगर निवासी व फ्यूचर चॉइस ग्रुप के सीएमडी पीयूष दुबे शुक्रवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि नोएडा, गजियाबाद सहित देशभर में फूड एवं बेवरेज के एक हजार प्लांट लगाने जा रहे हैं।
जिसमें प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से 15 लाख लोगों को रोजगार देने की योजना है। यह योजना प्रधानमंत्री के मेक इन इंडिया के तहत देश के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के सपने को साकार करेगी। औरैया में जूस और बेवरेज की दो यूनिट लगाने की योजना है। उन्होंने कहा कि फ्यूचर चॉइस ग्रुप 21 व 22 फरवरी को प्रदेश सरकार के साथ 300 करोड़ का निवेश का अनुबंध कर चुकी है। ग्रुप यूपी में 50 यूनिट लगाएगा। इस निवेश से सीधे तौर पर छह हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा। इस मौके पर रज्जन तिवारी मौजूद रहे।
तीन फीसदी सीएसआर से गरीबों को आवास
कंपनी ने सरकार को अपनी मंशा बताई है कि वह नेट प्रॉफिट का तीन फीसदी गरीबों के लिए छोटे आवास पर खर्च करेगी। इसके लिए सरकार उन्हें जहां निर्देशित करेगी। वहां वह आवास बनाएंगे।
कौशल विकास पर भी ध्यान
फूड एवं बेवरेजइंडस्ट्री में तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं की कमी है। इसलिए कंपनी दसवीं से लेकर स्नातक तक युवाओं को रोजगार देने से पहले प्रशिक्षण भी दे रही है। 70 फीसदी युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष कर रोजगार दिया जा रहा है। जो प्रधानमंत्री के कौशल विकास कार्यक्रम में भी सहयोग दे रहा है।