अजीतमल। एक गेस्ट हाउस में शुक्रवार को शादी समारोह के दौरान हुई मारपीट में दूल्हे के भाई सहित कई लोगों के घायल होने पर चार नामजदों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने इन आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
गांव सराय इमिलिया निवासी संदीप कुमार की पुत्री की शादी 24 अप्रैल की रात गांव स्थित डीडी पैलेस गेस्ट हाउस में थी। देर रात रस्मों के दौरान गांव के ही कुछ युवक वहां पहुंच गए और महिलाओं के साथ अभद्रता करने लगे। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने रॉड से हमला कर दिया। इसमें संदीप के पुत्र अवनीश कुमार, दौलतपुर औरैया निवासी दूल्हे का भतीजा प्रवीन कुमार और दूल्हे का भाई विशाल को भी हमलावरों ने पीटकर घायल कर दिया।
बीच-बचाव करने पहुंचे संत कुमार और सुधीर सिंह को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा। घटना में घायल छह लोगों को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्रभारी निरीक्षक ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर सराय इमिलिया के टिंकू, हर्षित, प्रियांशु और आयुष के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।(संवाद)