संवाद न्यूज एजेंसी
दिबियापुर। चोरी करने की फिराक में खड़े कार सवार अंतरजनपदीय गिरोह के चार सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से अवैध तमंचे, कारतूस एवं अन्य सामग्री बरामद हुई है।
थाना दिबियापुर के प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि मंगलवार रात तकरीबन एक बजे चोरी की घटना को अंजाम देने की फिराक में एक गिरोह के चार सदस्य गांव उसरारी तिराहे पर एक कार में बैठे थे। उपनिरीक्षक सुधीर भारद्वाज एवं दिनेश कुमार एवं पुलिस बल ने चारों आरोपियों की घेराबंदी करके गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपियों ने अपने नाम जिला जालौन के गांव धर्मपुुर बरैला निवासी रवि उर्फ रविंद्र, कानपुर देहात जिले के गांव कलेनापुर के मूल निवासी एवं जालौन जिले के सिरसा कलार क्षेत्र के गांव मानपुर निवासी योगेंद्र उर्फ बबलू, कानपुर देहात में डेरापुर के गांव बिरिया निवासी अमनबाबू उर्फ छोटू, कानपुर देहात के गांव रतनियापुर निवासी राहुल उर्फ शिवा बताए हैं।
आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे, छह कारतूस, सरिया, टार्च समेत मोबाइल बरामद हुए हैं। थाना पुलिस के अनुसार वर्ष 2022 में योगेंद्र और रवि को चोरी की बाइकों एवं अवैध तमंचों के साथ जालौन जिले के सिरसाकला थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया।
इंसेट-
फोटो28एयूआरपी 27- बरामद कार की हटाई गई नंबर प्लेट.. संवाद
नई कार की नंबर प्लेट हटाकर करते थे घटनाएं
चोरी की घटनाओं में प्रयोग के दौरान आरोपी कार की नंबर प्लेट हटा देते थे। यह पुलिस जांच में खुलासा हुआ। पुलिस ने कार को सीज कर दिया है। थाना पुलिस के अनुसार जांच में पता चला कि विभिन्न घटनाओं में प्रयोग के दौरान बरामद हुई नई कार को प्रयोग में लाया जाता रहा है मंगलवार रात में भी कार की नंबर प्लेट हटी मिली। इसके बाद उपनिरीक्षक दिनेश कुमार ने कार को सीज कर दिया।