नामांकन पत्र दाखिल करने जाते दिबियापुर सीट से सपा प्रत्याशी प्रदीप यादव
- फोटो : अमर उजाला
विधान सभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन समाजवादी पार्टी अंौर भारतीय जनता पार्टी के चार प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया। कड़ी सुरक्षा के बीच सभी प्रत्याशी नामांकन कक्ष तक पहुंचे। सभी प्रत्याशियों ने अपने शुभ मुहूर्त पर नामांकन कराया। यहां तक कि मुहूर्त के लिए पहले पहुंचे प्रत्याशियों ने इंतजार भी किया।
शुक्रवार को विधान सभा चुनाव नामांकन प्रक्रिया का तीसरा दिन था। नामांकन करने के लिए सबसे पहले दिबियापुर विधान सभा सीट से सपा प्रत्याशी प्रदीप यादव पहुंचे। वह नामांकन स्थल पर 11 बजे पहुंच गये थे। काफी इंतजार के बाद नामांकन कक्ष पहुंचे प्रदीप यादव और उनके चार समर्थकों ने आधे घंटे में प्रक्रिया पूरी की। उन्होंने दोपहर 1:20 बजे अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस बीच दिबियापुर सीट से भाजपा प्रत्याशी लाखन सिंह राजपूत भी पहुंचे। वह दोपहर करीब 1:32 बजे अपने समर्थकों के साथ नामांकन कक्ष में दाखिल हुए। उन्होंने 1:45 बजे अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
इधर बिधूना विधान सभा सीट पर समाजवादी पार्टी से दिनेश वर्मा उर्फ गुड्डू ने अपने समर्थकों के साथ एक बजकर 40 मिनट पर पर्चा भरा। जबकि ककोर गांव में लगे जाम में फंसने के कारण बिधूना विधान सभा सीट से भाजपा प्रत्याशी विनय शाक्य देर से पहुंचे। वह अपने समर्थकों के साथ तेजी से नामांकन कक्ष में पहुंचे। उन्होंने दो बजकर 45 मिनट पर पर्चा दाखिल किया। एक ओर जहां नामांकन पत्रों के दाखिल करने की प्रक्रिया चल रही थी। वहीं नामांकन पत्रों की बिक्री भी हो रही थी। हालांकि दोनों के बीच अंतर रखा गया।
पांच नामंकन पत्र बिके
तीसरे दिन दिबियापुर विधान सभा सीट से पीयूष पोरवाल निवासी अजीतमल मानवीय भारतीय पार्टी, बादशाह राजपूत निर्दलीय और जयराम रुरुगंज निर्दलीय ने नामांकन पत्र खरीदे। जबकि औरैया विधान सभा सीट के लिए मानसिंह दोहरे निर्दलीय ने और बिधूना विधान सभा सीट से नरेंद्र सिंह शंकरपुर भारतीय शक्ति चेतना ने नामांकन पत्र खरीदे।