औरैया-दिबियापुर मार्ग पर सेहुद के सामने लगा वाहनों का लंबा जाम।
- फोटो : amar ujala
औरैया-दिबियापुर मार्ग पर सेहुद के पास वाहनों का लंबा जाम लग गया। घंटों बाद पहुंची पुलिस को जाम खुलवाने के लिए जूझना पड़ा। बताया गया कि सेहुद में लगे धर्मकांटा के खराब होने से डंपरों की लाइन लगनी शुरू हो गई जिस वजह से जाम लग गया। दोपहर लगभग 12 बजे दिबियापुर-औरैया मार्ग पर जाम लगना शुरू हो गया। थोड़ी ही देर में वाहनों की कतार लग गई। इस मार्ग पर गुजरने वाले बड़े छोटे वाहन सवार भीषण गर्मी में पसीना पसीना होते रहे।
इस बीच व्यापारी नेता सुखलाल गुप्ता ने जाम की जानकारी प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही को दी। पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। परंतु पुलिस बल जाम खुलवाने में असफल रहा। लगभग दो बजे प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। यहां कड़ी मशक्कत कर लगभग आधे घंटे में जाम खुलवाया। लोगों के अनुसार सेहुद में धर्मकांटा के कारण प्रतिदिन जाम लगता है। परंतु बुधवार को एक धर्मकांटा खराब हो गया। इसलिए डंपरों की लाइन लग गई और धीरे धीरे जाम ने विकराल रूप रख लिया।
बता दें कि दिबियापुर के आसपास रेल फ्रेट कॉरिडोर का काम चल रहा है। प्रतिदिन काफी संख्या में डंपर गिट्टी, मौरंग आदि लेकर पहुंचते हैं। नियम के अनुसार रा मैटीरियल भेजने वाली कंपनी द्वारा निर्धारित धर्मकांटा पर पहले लोडेड एवं बाद में अनलोडेड डंपर का वजन कराना अनिवार्य होता है। बुधवार को सुबह ही कंपनी द्वारा निर्धारित धर्मकांटा खराब हो गया। इसकी वजह से लंबी लाइन लग गई। एसपी संजीव त्यागी ने बताया कि गुरुवार से अभियान चलाकर ट्रकों को हटवाएंगे। धर्म काटा संचालक को निर्देश दिए जाएंगे कि वह एक सप्ताह में ट्रकों को खड़ा कराने की व्यवस्था कर लें। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।