दिबियापुर। सहायल तिराहे पर एक सराफा की दुकान में दिनदहाड़े चोरी का प्रयास करता चोर सीसीटीवी में कैद हो गया। व्यापारी ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर को पकड़े जाने की मांग की है।
सहायल तिराहा के पास बेला रोड निवासी सचिन गुप्ता पुत्र वेदप्रकाश गुप्ता ने पुलिस को दिए शिकायतीपत्र में बताया कि 12 सितंबर को वह काम से बाजार गया था। इस दौरान वह दुकान का शटर बंद कर गया था। दुकान में परिचित का झोला रखा था जब वह उसे मांगने आया तो झोला गायब था।
विज्ञापन
सीसीटीवी कैमरा चेक किया गया तो देखा कि एक युवक करीब साढ़े तीन बजे दुकान का शटर उठाकर दुकान के अंदर घुसा। यहां उसने चोरी करने की कोशिश की। दुकान के अंदर अलमारी आदि में ताले लगे होने के कारण वह कुछ चुरा नहीं सका। मगर वह दुकान में रखा झोला उठा ले गया। बताया कि पूरी घटना दुकान पर लगे सीसीटीवी में कैद है।
थाना दिबियापुर के अपराध निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
-
किशोरी को ले जाने में युवक समेत चार पर रिपोर्ट दिबियापुर।
नगर के एक मुहल्ला निवासी किशोरी को जिला कन्नौज निवासी युवक अपने रिश्तेदारों की मदद से ले गया। किशोरी की मां ने युवक समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। गायब किशोरी की मां ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि पीडि़ता तीन सितंबर को परिवार समेत बाजार गई थी। तभी 16 वर्षीय पुत्री को जिला कन्नौज के गांव कटरा बासार निवासी ओम सिंह अपने बहनोई ऐरवाकटरा के समायन निवासी जबर सिंह, बहन संगीता, बहन रचना की मदद से ले गया। किशोरी अपने साथ दो लाख रुपये के जेवर, पांच हजार रुपये नकद और कीमती वस्त्र भी अपने साथ ले गई है। आरोपी ओम सिंह अब धमकी भी दे रहा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर पर नामजद लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। (संवाद)