खाद्य पदार्थों के नमूने लेती खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम। स्रोत:प्रशासन
औरैया। रक्षाबंधन से पूर्व लोगों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य व पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने कई दुकानों पर छापा मारा। टीम ने फफूंद रोड शेरपुर सरैया स्थित प्रतिष्ठान से मिश्रित दूध, खोया और पेड़ा, बरौआ स्थित खोया भट्टी से दूध और खोया व फफूंद रोड बरौआ से मिश्रित दूध के नमूने लिए।
इसके अलावा याकूबपुर बाजार से रेडीमेड डोडा बर्फी व मिल्क केक और असु चौराहा सहायल से रेडीमेड मिल्क केक व सफेद बर्फी सहित कुल 10 नमूने लेकर जांच के लिए भेजा है। जांच रिपोर्ट आने पर संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कमियां पाए जाने पर प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस भी जारी किए गए हैं। सहायक आयुक्त सुनील कुमार ने व्यापारियों से अपील की है कि वे रेडीमेड मिठाइयों का क्रय-विक्रय न करें। यदि कोई व्यापारी रेडीमेड मिठाई खरीदता है तो संबंधित निर्माता फर्म से क्रय बिल, खाद्य लाइसेंस और आधार कार्ड की प्रति अवश्य लें, अन्यथा पूरी जिम्मेदारी संबंधित कारोबारी की होगी।