कोतवाली क्षेत्र के हाइवे रोड करमपुर के पास घने कोहरे के कारण दर्जन भर वाहन हादसों का शिकार हो गए। इसमें एक ट्रक चालक व क्लीनर घायल भी हुए। तड़के हादसा होने से कई घंटे तक यातायात बाधित रहा।
कोहरे का कहर सोमवार सुबह देखने को मिला। घना कोहरा होने के कारण क्षेत्र के करमपुर गांव के पास एक ट्रैक्टर बेकाबू होकर डिवाइडर से टरका गया। ट्रैक्टर के बेकाबू होकर टकराने से पीछे चल रहे करीब 12 वाहन एक-दूसरे से भिड़ गए। देखते ही देखते वाहन एक-दूसरे से टकराने लगे।
इसके अलावा करीब छह ट्रकों के चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहनों की आपस में भिड़ने से कई घंटे तक यातायात भी बाधित रहा। सूचना पर पहुंचे सदर इंस्पेक्टर आदित्य प्रकाश यादव ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात शुरू कराया। करीब आधा किलो मीटर दूर तक क्षतिग्रस्त वाहन ही नजर आए। किसी वाहन का शीशा टूटा था तो किसी की चेचिस क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में घायल ट्रक चालकों ने निजी अस्पताल में इलाज कराया।
धुंध ने किया बेहाल, बढ़ी ठंड
कोहरे की धुंध ने सड़कों पर वाहनों की रफ्तार कम कर दी। घने कोहरे में स्कूली बच्चों को परेशानी उठानी पड़ी। वहीं कानपुर नगर, इटावा, कानपुर देहात, उरई से रोजाना अप-डाउन करने वाली दैनिक सवारियां समय से अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सकीं। 10 बजे के बाद मौसम खुलने पर लोगों ने राहत की सांस ली है। उत्तर पूर्वी हवाओं व वातावरण में नमी के चलते आसमान में कोहरे की धुंध छाई रही।
सुबह 5.30 बजे से शुरू हुए कोहरे के कारण इटावा कानपुर हाइवे, औरैया दिबियापुर मार्ग, औरैया-फफूंद मार्ग पर वाहन रेंगते नजर आए। कोहरे से स्कूली बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ी। सुबह कोहरे के कारण बस स्टैंड पर सवारियों को परेशानी हुई। वही ककोर स्थित विकास भवन में सुबह के समय कोहरे का असर साफ दिखाई दिया। कार्यालयों में कर्मचारी की उपस्थिति सामान्य से कम दिखाई दी।