बिधूना (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार शाम एरवाकटरा मार्ग पर नकेड़ी पुलिया के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
हादसे में बच्चे समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना में भर्ती कराया गया, जहां से तीन को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे एरवाकटरा मार्ग पर नकेड़ी पुलिया के पास एक बाइक सवार बस को ओवरटेक कर रहा था, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक देख उसका संतुलन बिगड़ गया और दोनों बाइक आपस में टकरा गईं। इसमें एक बाइक पर कन्नौज जनपद के थाना सौरिख के गांव अराहो निवासी गुलाब सिंह (32) अपनी पत्नी प्रियंका (28), तीन वर्षीय बेटे बेटू और भाई अतर सिंह (28) के साथ बिधूना आ रहे थे, इसमें सभी लोग घायल हो गए।
घायलों ने बताया कि बेटू की अंगुली मशीन से कट गई थी, वह लोग उसका इलाज कराने अस्पताल जा रहे थे। वहीं दूसरी बाइक पर भटोली निवासी कौशलेंद्र (24) अपने घर लौट रहे थे, हादसे में वह भी घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक यतेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद कौशलेंद्र, अतर सिंह और गुलाब सिंह की हालत गंभीर होने पर उन्हें सैफई रेफर कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डिवाइडर से टकराकर पलटा गिट्टी लदा ट्रक, चालक गंभीर
कुदरकोट। इटावा-चित्रकूट बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के कन्नौज कट के पास शुक्रवार सुबह एक गिट्टी से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर और पलट गया। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मध्यप्रदेश जनपद भिंड के कस्बा पोरसा निवासी राजदीप (27) ग्वालियर से गिट्टी लादकर कन्नौज की ओर जा रहा था।
कन्नौज कट के पास अचानक ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकराकर पलट गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक में लदी गिट्टी सड़क पर फैल गई, इससे मार्ग अवरुद्ध हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक में फंसे चालक को मशक्कत के बाद बाहर निकालकर एंबुलेंस से इटावा ले गए। थानाध्यक्ष अमर बहादुर ने बताया कि घायल चालक को अस्पताल भेजा गया है। (संवाद)