औरैया। डीएम की ऑनलाइन मीटिंग में सोमवार को कई जिला स्तरीय अफसर समय से नहीं जुड़े तो सीडीपीओ सहार गैरहाजिर रहे। डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने देर से जुड़ने वाले अफसरों से जवाब तलब किया। अनुपस्थित सीडीपीओ का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने सोमवार को ऑनलाइन मीटिंग से विभाग के कार्यों की समीक्षा की। मीटिंग में सीडीपीओ अछल्दा, एरवाकटरा व एमओआईसी एरवाकटरा, बीईओ अजीतमल व एरवाकटरा देर से जुड़े। इस पर उन्होंने संबंधित से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। वहीं, सीडीपीओ सहार नदारद रहे। इस पर उन्होंने सीडीपीओ का एक दिन का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा में डीएम ने एसडीएम को क्षेत्र में पड़ने वाले तालाबों की सूची सीडीओ को देने के लिए कहा। ताकि तालाबों व नदियों का जीर्णोद्धार कराया जा सके। अन्नपूर्णा भवन, आंगनबाड़ी केंद्र तथा गोआश्रय निर्माण को जल्द पूरा कराने के लिए कहा। मिशन ज्योतिर्गमय के तहत चयनित विद्यालयों की चारदीवारी, फर्नीचर सहित अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। फार्मर रजिस्ट्री व फैमिली आईडी की प्रगति को भी डीएम ने बढ़ाने के निर्देश दिए।