औरैया। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम होने का नाम नहीं ले रही है। कोविड नियमों की अनदेखी जिले के लोगों पर भारी पड़ सकती है। मंगलवार देर शाम आरटीपीसीआर जांच में 100 शैया युक्त अस्पताल के दो स्वास्थ्य कर्मियों समेत पांच लोग संक्रमित पाए गए। इस जानकारी के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने संपर्क में आने वाले लोगों की जांच शुरू कराई है।
जिले में इन दिनों निकाय चुनावों की सरगर्मी तेज है। प्रत्याशी अपनी जीत को लेकर जनता का समर्थन पाने की जद्दोजहद में जुटे हैं। चुनाव में स्वयं की जीत पक्की करने के लिए अपने समर्थकों के हुजूम के साथ वोट मांगते हुए नजर आते हैं। इस दौरान प्रत्याशी व उनके समर्थक न तो मास्क का प्रयोग करते हैं और न ही दो गज दूरी का पालन करते हैं। जिले में बाहरी लोगों का आना जाना भी लगा हुआ। हालात यह है कि रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड व सार्वजनिक स्थानों पर कहीं पर जांच होती नजर नहीं आ रही है। यही कारण है कि कोरोना संक्रमण लोगों में तेजी से फैल रहा है। सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार को आई जांच रिपोर्ट में पांच लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें महिला, बुजुर्ग व बच्चे भी शामिल है। बताया कि आई रिपोर्ट में ज्यादातर लोग एक दूसरे के संपर्क में आने से संक्रमित हुए है। अब तक जिले में 90 मरीज मिल चुके हैं। मंगलवार को 132 आरटीपीसीआर व 185 एंटीजन सैंपल लिए गए। अब जिले में 50 सक्रिय मरीज है,शेष ठीक हो चुके हैं। सीएमओ ने लोगों से मॉस्क लगाने व बाहर से आने पर जांच कराने की अपील की है।