फोटो-50- नामांकन पत्र जमा करने के दौरान मौजूद वकील। स्रोत सदस्य
औरैया। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन बुधवार को विभिन्न पदों के लिए 32 अधिवक्ताओं ने अपने पर्चे दाखिल किए। कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं के पहुंचने से चुनावी माहौल पूरी तरह गर्माया रहा।
डीबीओ के मीडिया प्रभारी शिवम शर्मा ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया जिला जज स्थित मीटिंग हॉल में शुरू हुई। एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष हृदय नारायण पांडेय और सदस्यों सुरेश चंद्र मिश्रा, अरुण चतुर्वेदी, हरप्रकाश शुक्ला व अमर सिंह की उपस्थिति में पर्चे भरे गए। पहले दिन कुल 38 नामांकन पत्र वितरित हुए थे, जिनमें से सभी 32 पर्चे उसी दिन जमा भी हो गए। अधिवक्ताओं ने अपने समर्थकों के साथ उत्साहपूर्वक नामांकन किया।
एल्डर्स कमेटी के अधिवक्ता अंकुर अवस्थी ने चुनाव कार्यक्रम की जानकारी दी। 20 नवंबर को नामांकन वापसी के बाद प्रत्याशियों की अंतिम स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। इसके बाद 26 नवंबर को सुबह आठ बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान कराया जाएगा। इस बार के चुनाव में कुल 797 वकील अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
अध्यक्ष पद के लिए सुनील कुमार दुबे, मान सिंह पाल, संजीव कुमार चतुर्वेदी, बृजेंद्र सिंह यादव और कुलदीप कुमार दुबे ने पर्चे दाखिल किए। महामंत्री पद के लिए अतेंद्र पांडेय, विमल, सुधीर कुमार गौतम और शिवेंद्र सिंह सेंगर ने नामांकन किया। महिला वकीलों के लिए आरक्षित कोषाध्यक्ष पद पर सोनम गुप्ता ने पर्चा भरा। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर राम औतार सिंह कश्यप ने भी अपना नामांकन दाखिल किया।