अछल्दा क्षेत्र के नारायणपुर गांव में गेहूं के खेत में लगी आग। संवाद
- फोटो : AURAIYA
औरैया। भीषण गर्मी के प्रकोप के चलते आगजनी की घटनाएं दिनोंदिन बढ़ रहीं हैं। अछल्दा क्षेत्र में गेहूं की पकी खड़ी फसल में रविवार को अचानक आग लग गई। आग की लपटें देख ग्रामीण दौड़े और आग बुझाने की कोशिश की। आग लगने से लगभग पांच बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
घसारा गांव निवासी किसान रजनीश मिश्रा के खेत हर नारायणपुर गांव के पास हैं। रविवार दोपहर अचानक उसके खेत से आग की लपटें उठतीं देख ग्रामीण खेतों की तरफ भागे और फायर ब्रिगेड को सूचना देकर पास में लगे ट्यूबवेल से पानी लेकर आग बुझाने की कोशिश करने लगे। देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। इसके बाद सैकड़ों ग्रामीणों ने पेड़ों की शाखाएं लेकर आग पर काबू पाने की कोशिश की।
लेकिन तब तक पांच बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इसके अलावा ग्रामीणों ने आसपास के खेतों पर खड़ी फसल को ट्रैक्टर से जोत दिया। जिससे आग फैलने से रुक गई। यदि ग्रामीण यह कोशिश न करते तो सैकड़ों बीघा फसल जल सकती थी। सूचना पर पुलिस व फायर ब्रिगेड की गाड़ी आने से पहले ही ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया था। सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल राजीव कुमार घटना स्थल पर पहुंचे और पीड़ित किसान को हर संभव सरकारी मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
आग लगने से गेहूं के 25 गट्ठर जले
फफूंद (औरैया)। थाना क्षेत्र के एक गांव में एक खेत में कटे रखे गेहूं के गट्ठरों में अचानक आग लग गई। थाना क्षेत्र के गांव खानपुर निवासी योगेंद्र पुत्र राजेंद्र बाथम के खेत कुतुबपुर गांव के पास हैं। उन्होंने शनिवार को गेहूं की फसल कटवाकर गट्ठर बनाकर खेत पर ही रख दिए थे। रविवार दोपहर खेत के गट्ठरों में अचानक आग लग गई। आग की लपटें देख ग्रामीण दौड़ पड़े तथा पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया पर तब तक 25 गट्ठर जल कर राख हो चुके थे। (संवाद)