औरैया। दिवाली के लिए जिलेभर में आतिशबाजी की दुकानें सजाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रशासन ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कड़े इंतजाम किए हैं। इस बार सभी दुकानें आई व एल सेफ जोन के मानकों के दायरे में लगाई जाएंगी। कोई भी दुकान एक-दूसरे के सामने नहीं होगी। यह बदलाव हर साल होने वाली दुर्घटनाओं से सबक लेकर किया गया है। अब तक 300 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 250 से ज्यादा दुकानदारों को दुकानें लगाने की अनुमति मिल चुकी है। विभागीय अधिकारी शहर व कस्बों में आतिशबाजी दुकानों पर छापेमारी भी कर रहे हैं। इसका मुख्य कारण किसी भी अनहोनी या हादसे से तुरंत बचाव करना है।सीएफओ तेजवीर सिंह ने बताया कि दीपावली को लेकर दुकानदारों के साथ लगातार बैठक की जा रही हैं। उन्हें दुकान लगाने के तरीके पर दुकान पर बालू भरी बाल्टी व पानी भरा ड्रम रखने सहित अन्य निर्देश दिए जा रहे हैं।