संवाद न्यूज एजेंसी
फफूंद। कस्बा के टाकीज रोड पर एक बाइक मरम्मत की दुकान में सोमवार देर शाम अचानक आग की लपटें उठने लगी। लोगों की नजर पड़ी तो शोर मचाते हुए बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। उधर सूचना पर पुलिस व दमकल की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाते इससे पहले 10 बाइकें जल चुकी थी।
कस्बा के टाकीज रोड पर मोहल्ला जुबैरी निवासी मारुति की खोखा और टट्टर रखकर बाइक मरम्मत का काम करता है। सोमवार शाम वह बाहर गया हुआ था। दुकान बंद थी। इस दौरान कुछ लोगों की नजर दुकान में उठती आग की लपटों पर पड़ी। जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक देर हो चुकी थी। पूरी दुकान धू धू कर जल उठी। सूचना पर दमकल टीम व पुलिस पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
गनीमत रही कि आग का दायरा पड़ोस के मकानों तक नहीं पहुंचा। हालांकि मरम्मत के लिए खड़ी 10 बाइकें आग की भेंट चढ़ गईं। थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र ने बताया की आग पर काबू पा लिया गया है। कोई हताहत नहीं हुआ है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। 10 बाइकें जल गई हैं। दुकान मालिक मारुति के आने के बाद नुकसान का आकलन हो पाएगा।