दिबियापुर (औरैया)। घर में घुसकर पीटने और धमकी से क्षुब्ध होकर किसान अवधेश ने आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में पुलिस ने पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वही पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदा लगाने से मौत की पुष्टि हुई है। शनिवार को कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन ने किसान का अंतिम संस्कार कर दिया।
गांव गौरी रामप्रसाद निवासी सुरेश चंद यादव ने पुलिस को बताया कि उनके बड़े बेटे अवधेश उर्फ पिंटू यादव (46) का गांव के ही औसान सिंह के साथ जमीन की साझेदारी को लेकर विवाद चल रहा था। फसल कटने के बाद पिंटू ने दोबारा साझेदारी से मना कर दिया था, इससे आरोपी पक्ष नाराज था।
सात मई को आरोपियों ने पहले पिंटू पर दबाव बनाया और फिर सरेराह व घर में घुसकर को पीट दिया था। परिजन के अनुसार, पीटने के बाद आरोपियों ने उसे धमकी भी दी थी। इससे क्षुब्ध होकर अवधेश ने फंदे से लटक कर जान दे दी थी।
शनिवार सुबह परिजन ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर अंतिम संस्कार न करने की बात कही। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज मिश्रा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजन को कार्रवाई का भरोसा दिया। बाद में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज मिश्रा ने बताया कि पिता की तहरीर पर गांव निवासी औसान सिंह, प्रदीप सिंह, अमन सिंह, शेरा और पांचाली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी जा रही है। जल्द आरोपियों को पकड़कर कार्रवाई की जाएगी।