सहायल (औरैया)। क्षेत्र के ग्राम भदखार धुपकरी में जमीन के विवाद के चलते दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। जिसमें पांच लोग घायल हुए। इस दौरान हवाई फायरिंग कर दहशत भी फैलाई। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी सहार में भर्ती कराया। जहां से एक घायल को डॉक्टरों ने सौ शैय्या अस्पताल चिचौली रेफर कर दिया।
गुरुवार की शाम ग्राम भदखार-धुपकरी में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। जिसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। घायल सतेंद्र यादव ने बताया कि रामप्रकाश ने रामआसरे को 10 साल पहले रुपये लेकर जमीन बेच दी थी। इसके लिए उसने स्टांप पर लिखा पढ़ी भी कर दी थी। उसी जमीन पर वह लोग अपना घर बनाकर रह रहे थे। मगर राम प्रकाश ने उसी जमीन को दोबारा फर्जी तरीके से रामपाल को बेच दिया। इस बिक्री को भी उसने स्टांप पर लिखित दे दिया। रामपाल लंबे समय ये गुरुग्राम में रहकर प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। पिछले दिनों ही वह अपने परिवार के साथ अपने गांव में रहने आया। इस पर जब वह अपनी खरीदी गई उक्त जमीन पर पहुंचा तो वहां पहले से ही एक मकान बना देख वह ठगा सा रह गया। इस पर उसने उक्त मकान में रह रहे लोगों से अपनी जमीन बताते हुए तत्काल खाली करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। जिसमें गुरुवार को जब रामपाल अपने पुत्रों के साथ अपनी उक्त कब्जे वाली जमीन को खाली कराने पहुंचा। जहां दोनों पक्षों में जमकर ईट-पत्थर, लाठी-डंडे व धारदार हथियार व भाले चले।
मारपीट में रमन पुत्री रामआसरे, विपेंद्र पुत्र रामआसरे, सतेंद्र पुत्र बालिस्टर, रामआसरे, बालिस्टर गंभीर रुप से घायल हो गये। इस संबंध में घायलों ने बताया कि दबंग बाद में हवाई फायरिंग करते हुये उसे घर में अंदर घुस गए। जहां घर में आयी बहन गुड्डी व संगीता का जेबर भरा संदूक का ताला तोड़कर ले गए व जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष पप्पू सिंह ने घायलों को सीएससी सहार में भर्ती करवाया। जहां घायलों का इलाज जारी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष पप्पू सिंह ने बताया कि जमीन के मामले को लेकर दो पक्षों में पथराव हुआ है। जिसमें पांच लोग घायल हुए हैं। वहीं हवाई फायरिंग की खबर झूठी है।