फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Auraiya News: शहर में फाल्ट ने रुलाया, फफूंद में भी सात घंटे गुल रही 200 गांवों की बिजली

Wed, 14 Jun 2023 12:19 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, औरैया
विज्ञापन
विज्ञापन
औरैया-फफूंद। बिजली कटौती से शहर से गांवों तक हाहाकार मचा है। मंगलवार को शहर में फाल्ट से कई इलाकों की घंटों बिजली गुल रही। वहीं, केशमपुर सब स्टेशन में सुबह नौ बजे फाल्ट होने से शाम चार बजे तक 200 गांवों की बिजली गुल रही। बिजली कटौती से आक्रोशित लोगों ने कई जगहों पर हंगामा कर विरोध भी जताया। इस दौरान पानी को लेकर लोगों में परेशानी दिखी और व्यापार पर भी असर पड़ा।
विज्ञापन

शहर में सोमवार की रात ओवर लोड होने के कारण कई जगहों पर केबल जल गए और फाल्ट हुए। रात एक बजे से ढाई बजे तक डेढ़ घंटे बिजली गुल रहने से गर्मी में लोगों का बुरा हाल रहा। मंगलवार सुबह नौ बजे जालौन चौराहे के पास डबल पोल के तार टूटने व सदर बाजार को आपूर्ति देने वाले ट्रांसफार्मर के ओवरलोड होने से आपूर्ति बंद कर दी गई। लगभग डेढ़ घंटे में कर्मचारियों ने किसी तरह से तार जोड़कर व ट्रांसफार्मर में तेल डालकर स्थिति सामान्य की। इसके बाद दोपहर लगभग दो बजे अचानक से सदर बाजार लेडीज मार्केट में एलटी लाइन का तार टूट जाने से फिर से बिजली बंद करनी पड़ी।

तार टूटने की जानकारी मिलते ही आनन-फानन में पहुंचे बिजली कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद लगभग एक घंटे में तार जोड़कर स्थिति सामान्य की। इस तरह रात से लेकर दिन भर बिजली का आंख मिचौली चलती रही। बिजली कटौती और फाल्ट से सबसे ज्यादा असर इलेक्ट्रानिक व्यवसाय पर पड़ रहा है। बिजली न आने से इलेक्ट्रानिक दुकानों पर काम प्रभावित है। आटा चक्की, तेल कारखाने भी प्रभावित हो रहे हैं। वहीं 43 डिग्री से ऊपर तापमान और उमस भरी गर्मी में लोग बेहाल हैं। जेई सुभाष चंद्र यादव ने बताया कि गर्मी अधिक होने व लोड बढ़ने के कारण ट्रांसफार्मर ओवरलोड हो रहे हैं। वहीं, एलटी लाइन के तार भी जर्जर होकर टूट रहे हैं। इससे बिजली अव्यवस्था बनी हुई है। फिलहाल टूटे तारों को जोड़ कर स्थिति सामान्य कर ली गई है।
विज्ञापन

फफूंद प्रतिनिधि के अनुसार, फफूंद कस्बे समेत 200 गांव को केशमपुर सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति होती है। लगभग छह साल से असेनी पावर स्टेशन से आई केशमपुर सब स्टेशन की लाइन पर चपटा सब स्टेशन का लोड भी है। इस कारण से आए दिन फाल्ट हो रहे हैं।
मंगलवार सुबह असेनी पावर हाउस से केशमपुर आई 33 केवी लाइन में नहर पटरी पर लगे पोल में सुबह नौ बजे फाल्ट हो गया। फाल्ट की जानकारी पर केशमपुर के अवर अभियंता ओमवीर सिंह और लाइनमैन फाल्ट ढूंढने में जुट गए। शाम चार बजे के करीब फाल्ट ठीक कर आपूर्ति बहाल की जा सकी। फाल्ट रहने से फफंदू कस्बे समेत केशमपुर सब स्टेशन से जुड़े दो सौ गांव की बिजली सात घंटे गुल रही। सुबह से शाम तक बिजली न आने से सबसे ज्यादा परेशानी पीने के पानी को लेकर उटानी पड़ी। वहीं इलेक्ट्रानिक व्यवसाय भी ठप रहा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बाद भी विभाग केशमपुर से चपटा लाइन अलग नहीं कर रहा है। इससे लोड बढ़ने से अक्सर फाल्ट हो रहे हैं। अवर अभियंता केशमपुर ओमवीर सिंह ने बताया की दो सब स्टेशनों के लोड की वजह से आपूर्ति बाधित हो रही है चपटा सब स्टेशन की अलग लाइन बिछाने के लिए उच्च अधिकारियों को लिख कर भेज दिया है।

दो घंटे ठप रही दिबियापुर की आपूर्ति
दिबियापुर। रेलवे लाइन के पास सोमवार रात लगभग 11 बजे ककराही फीडर को जाने वाली लाइन में फाल्ट आ गया। काफी देर तक बिजली कर्मी फॉल्ट खोजते रहे । तब जाकर फाल्ट ठीक किया जा सका। इस बीच असेनी स्थित पावर हाउस में लगे पैनल की ट्रॉली के तकनीकी खामी आ गई है। बिजली कर्मी वहां पहुंचे और तकनीकी खामी दुरुस्त कराई। इस बीच बहेरे वाली पुलिया के पास ट्रक की टक्कर से एक बिजली का पोल क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते बिजली गुल हो गई। फाल्ट होने से दिबियापुर कस्बे की रात में करीब दो घंटे बिजली गुल रही। जिससे लोगों का गर्मी में बुरा हाल रहा। अवर अभियंता विजय सिंह का कहना है कि रात एक बजे बिजली आपूर्ति बहाल करा दी गई थी। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें