अजीतमल(औरैया)। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर जुलुपुर के पास सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर में कानपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। जबकि ट्रक चालक व क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पुलिस सीएचसी अजीतमल ले गई, वहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को सैफई रेफर कर दिया गया।
अजीतमल तहसील क्षेत्र के मुरादगंज निवासी राजू (30) पुत्र रामप्रकाश गांव के ही अनुराग शुक्ला का ट्रैक्टर चलाता था। मंगलवार की सुबह वह ट्रैक्टर लेकर खेतों में मूंग लदान के लिए जुलूपुर गांव के समीप मजदूरों इंतजार कर रहा था।। तभी पीछे से आए कोयला लादे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर जोरदार होने से ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया और दबने से राजू की मौत हो गई।
वहीं, ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने से ट्रक चालक पप्पू जाट और उसका भाई राजू पुत्र गोपाल जाट निवासी शाहपुरा भीलवाड़ा राजस्थान गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रक और ट्रैक्टर की टक्कर होने व हादसे में एक की मौत की जानकारी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने ट्राला की केबिन में फंसे चालक व क्लीनर को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाल सीएचसी अजीतमल भेजा। जहां से हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने सैफई रेफर कर दिया। घटना की जानकारी पर अस्पताल पहुंचे ट्रैक्टर चालक के परिजनों का बुरा हाल रहा। मृतक के भाई अभिषेक ने बताया कि वह घर में छोटा है। बड़े भाई राजू पर घर की जिम्मेदारी थी। अस्पताल में बेसुध पत्नी रमन, बेटे आयुष(8) व आशू(6) को परिवार के लोग ढांढस बंधाते रहे। कोतवाली प्रभारी मुकेश चौहान ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन कब्जे में लिए गए हैं। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।