संवाद न्यूज एजेंसी
रुरुगज। कुदरकोट थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवती के साथ छेड़खानी करने का आरोपी पुलिस के हाथ न लगने पर कुदरकोट पुलिस ने आरोपी के पिता को पकड़ कर थाने पहुंचाया। इस मामले में पीड़ित पिता ने थाने के दरोगा व एक सिपाही पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। जिससे उसे गंभीर चोट लगी है। पीड़ित की पिटाई का वीडियो सोशल वीडियो पर वायरल होते ही पुलिस के हाथ पांव फूल गए हैं। मामले को लेकर एसपी ने सीओ को जांच सौंपी है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
मामले को लेकर पीड़ित राजू ने बताया कि उसके लड़के के खिलाफ छेड़खानी का मामला दर्ज किया गया था। जिसमें पुत्र के न मिलने पर 29 अक्तूबर को कुदरकोट पुलिस उसे उठा ले गई। आरोप है जहां पुलिस ने पहले उससे पूछताछ की लेकिन कुछ न बता पाने पर पुलिस ने उसे जमीन पर पटक कर पट्टे से जमकर पीटा। जिससे पीछे के निचले हिस्से पर नीले निशान पड़ गए। इसके बाद छोड़ने के लिए 15 हजार रुपये के लेनदेन की बात हुई। मामला 55 सौ पर निपटा।
पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने रुपये लेने के बाद घर जाने दिया। इसके बाद पुलिस ने उसके पुत्र को पकड़ कर जेल भेज दिया। पीड़ित राजू का वीडियो गुरुवार सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। मामले को संज्ञान में लेते हुए एसपी चारू निगम ने बताया कि वीडियो कई दिन पुराना है। फिर भी मामले की जांच सीओ सिटी को दी गई है। जांच रिपोर्ट आने पर उसी अनुसार कार्रवाई की जाएगी।