बेला। थाना क्षेत्र के बरकसी मोड़ के पास सोमवार देर शाम खेत से भैंस चरा कर लौट रहे किसान को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में भैंस की मौके पर और किसान की इलाज के दौरान कानपुर में मौत हो गई।
बरकसी निवासी बबलू (35) पुत्र प्यारेलाल सोमवार देर शाम आठ बजे के करीब अपने खेतों से भैंस चरा कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह कानपुर-बेला मार्ग बरकसी मोड़ पर पहुंचे तभी पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने भैंस व उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में भैंस की मौके पर ही मौत हो गई और सूचना पर पहुंचे परिजन बबलू को गंभीर हालत में पहले स्वास्थ्य केंद्र लाए, वहां से डॉक्टरों ने रेफर कर दिया।
मृतक के भाई सुरेश व इंद्रजीत हालत नाजुक होने पर कानपुर के निजी अस्पताल ले गए। जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। भाइयों ने बताया कि बबलू अविवाहित था। मां लौंगश्री का रो रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि शिकायती पत्र मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
बेटे की मौत के बाद रोती बिलखती मां लौंगश्री व अन्य परिजन। संवाद- फोटो : AURAIYA