रुरुगंज। कुदरकोट थाना क्षेत्र के गांव गोपियापुर में गुरुवार सुबह एक किसान खेत पर जा रहा था। रास्ते में ट्रांसफार्मर के पास से निकलते समय अर्थिंग रॉड से छू गया। इससे वह करंट की चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने उसे किसी तरह से रॉड से दूर किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
गांव गोपियापुर निवासी अवधेश कुमार (40) गुरुवार सुबह रोजाना की तरह खेत पर जा रहा था। रास्ते में रखे ट्रांसफार्मर के बगल से निकलने के दौरान अवधेश का पैर अर्थिंग रॉड से छू गया, जिसमें दौड़ रहे बिजली करंट की चपेट आकर अवधेश बुरी तरह से झुलसकर गिर गया। पीछे से आ रहे ग्रामीणों की नजर पड़ी तो किसी तरह अवधेश को ट्रांसफार्मर से दूर किया गया। तब तक अवधेश की मौत हो चुकी थी।
अवधेश के छोटे भाई मुकेश उर्फ दीपू ने बताया कि सुबह नौ बजे की घटना है। वह खेत पर जा रहा था। सूचना पर पहुंची कुदरकोट थानाध्यक्ष पूजा सोलंकी ने परिजनों से पूछताछ की। मांग करने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए चिचौली भेजा गया। वहीं मृतक की पत्नी प्रीती देवी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। प्रीती ने बताया कि उसके पांच बेटी व एक बेटा है। बिजली विभाग की अवर अभियंता मोहित रस्तोगी ने बताया कि मशीनें सभी ऑटोमेटिक हैं। किसी भी फीडर पर ट्रिपिंग भी नहीं आई है। मामले की जांच कराई जाएगी। वहीं थानाध्यक्ष पूजा सोलंकी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।