अजीतमल। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गांव गोहानी खुर्द में बीती रात एक किसान की हालत बिगड़ने पर घर के लोग उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार सुबह परिजन अजीतमल कोतवाली पहुंचे और शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए तहरीर दी।
अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के गांव गोहानी खुर्द निवासी कुंवर सिंह (35) खेती किसानी करता था। परिवार में पत्नी पूजा के अलावा पांच बच्चे सौरभ, सूरज, चेतन, नंदू, उत्तम हैं। सबसे छोटा बच्चा अभी महज 14 दिन का है। कुंवर सिंह अपने पिता का इकलौता बेटा था। कुंवर सिंह ने गांव के कुछ लोगों से ब्याज पर रुपये ले रखे थे। उसने समय से लोगों को रुपये वापस नहीं किए। लोगों के द्वारा अक्सर कुंवर सिंह से रुपयों की मांग की जा रही थी।
सूत्रों के मुताबिक न दे पाने पर लोगों द्वारा खेत बैनामा कराने का भी दबाव बनाया जा रहा था। उससे परेशान होकर वह मंगलवार को अजीतमल रजिस्ट्रार के यहां गया। दो बीघा खेत का बैनामा करा लिया। मृतक की पत्नी पूजा ने बताया कि उनके पति ने मजबूरी में तीन लाख रुपये में खेत बेचा था, लेकिन उसको मात्र 80 हजार रुपये मिले। रात नौ बजे कुंवर सिंह नल पर पानी भरने गए। तभी उन्हें उल्टियां होने लगीं।
उल्टी के साथ खून आने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद परिजन रात में उसके शव को अपने घर ले गए। सुबह परिजनों की तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी राज कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण का पता चलेगा।