दिबियापुर (औरैया)। सोमवार को जवाहरपुर गांव निवासी एक महिला ने संदिग्ध हालातों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के पति ने प्रेमी की मारपीट से क्षुब्ध होकर महिला द्वारा आत्महत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सोमवार को आशा देवी (32) पत्नी महेंद्र सिंह निवासी जवाहरपुर संदिग्ध हालातों में फांसी के फंदे पर लटकी मिली थी। इस मामले में पति महेंद्र सिंह पुत्र तेज सिंह ने दिबियापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि जैतपुर आगरा में रहकर वह बिजली और टेंट का काम करता है। इसी दौरान उसकी पत्नी के प्रेम संबंध गांव के जीतू उर्फ जीतेंद्र पुत्र नरेंद्र कुशवाहा के साथ हो गए थे। छह माह पहले उसे पत्नी के प्रेम संबंधों की जानकारी हुई थी। इस पर पत्नी को टोका भी था। परंतु वह लोग नहीं माने। जीतू की शादी कहीं और तय हो गई थी। रविवार को जीतू ने घर आकर उसकी पत्नी को मारा पीटा था। सोमवार को सुबह जीतू के परिजनों ने भी उसकी पत्नी से काफी गाली गलौज की थी। यह बात पत्नी आशा ने उसे फोन पर बताई थी। फोन पर जानकारी मिलने पर वह आगरा से चल दिया था। परंतु पत्नी आशा ने प्रेमी की मारपीट एवं उसके परिजनों की गाली गलौज से क्षुब्ध होकर फांसी पर लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने जीतू उर्फ जितेंद्र के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।