जाम की सूचना पर पहुंचा पुलिस फोर्स।
- फोटो : अमर उजाला
कस्बा के मोहल्ला तिलक नगर निवासी युवक का अपहरण के बाद शव मिलने के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने बिधूना-दिबियापुर मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया।
जाम की सूचना पर पुलिस फोर्स पहुंच गई। तहसील दिवस के बाद पहुंचे डीएम व एसपी के जल्द खुलासा व आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई के आश्वासन पर करीब दो घंटे बाद जाम खुल सका।
मोहल्ला तिलक नगर निवासी सौरभ(22) पुत्र सुरेंद्र सिंह 26 मार्च को अचानक लापता हो गया था। पिता ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बुधवार की सुबह थाना बेला के कमलपुर नहर पलिया के सामने बंबा के किनारे झाड़ियों में शव टुकड़ों में बरामद हुआ। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया था।
इस पर एसपी ने एसआई सतेंद्र को लाइन हाजिर कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार की दोपहर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव मिला तो इन्होंने कार्रवाई की मांग को लेकर बिधूना-दिबियापुर मार्ग पर जाम लगा दिया। परिजनों का कहना था कि पुलिस वारदात का खुलासा करे। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
जाम की सूचना पर सीओ सुभाष अत्री और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। इनके समझाने पर परिजन और उग्र हो गए। तहसील दिवस से डीएम के बाला जी और एसपी रामकिशोर मौके पर पहुंचे। इन्होंने परिजनों से बात की। वारदात का जल्द खुलासा कर आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब दो घंटे बाद जाम खुल सका।