कंचौसी (औरैया)। कंचौसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर निर्माणाधीन यात्री टीन शेड के लिए खोदी गई मिट्टी यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। इससे प्लेटफार्म पर गिरकर लोग चुटहिल हो रहे हैं। ठेकेदार व रेलवे अधिकारी मिट्टी हटवाने के बजाए एक दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं। शनिवार को कस्बे के लोगों ने स्टेशन मास्टर को ज्ञापन देकर अविलंब मिट्टी हटवाने की मांग की है।
कंचौसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर फाइबर टीन शेड का काम हो रहा है। इसके लिए कार्यदायी संस्था प्लेटफार्म पर मिट्टी की खुदाई करा रही है। मजदूर खुदाई के बाद मिट्टी प्लेटफार्म पर ही फेंक रहे हैं। इससे यात्रियों को आवाजाही में खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ट्रेन आने के समय अफरातफरी मचने पर अक्सर लोग गिरकर चुटहिल हो जाते हैं। कस्बे के मनोज पालीवाल, बुली सक्सेना, सुरेश चंद्र शर्मा, सोनू सविता, सूरज नाथ सपेरा व नंदू शर्मा आदि ने शनिवार को स्टेशन मास्टर मुकेश कुमार को ज्ञापन देकर प्लेटफार्म से मिट्टी हटवाने की मांग की है। स्टेशन मास्टर ने जल्द समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया है।