खड़े ट्रक में पीछे से घुसी कार
- फोटो : अमर उजाला
जबरदस्त कोहरे के कारण तीन दिन से हाईवे पर खड़े ट्रक में एक कार पीछे से जा घुसी। जिससे उसमें सवार आगरा निवासी अवधेश कुमार पुत्र रघुवीर सिंह, धर्मेंद्र पुत्र बाल किशन गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को घायलावस्था में सौ शैय्या युक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से डाक्टरों ने दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद सैफई रेफर कर दिया। खास बात यह है कि तीन दिन से हाईवे पर खड़े इस ट्रक को पुलिस ने आज तक हटवाने की जरुरत महसूस नहीं की। हालांकि शुक्रवार की रात इस खड़े ट्रक में कोहरे के कारण दो ट्राला, दो पिकअप, एक ट्रैक्टर, तीन ट्रक, दो छोटी गाड़ियां भी रगड़ती हुई निकल गई। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया। इससे रोज छा रहे घने कोहरे में हाईवे पर खड़े इस ट्रक से किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी हुई है।
कार की टक्कर से सड़क किनारे खड़ा किसान घायल, रेफर
दिबियापुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोसाई का पुर्वा में शनिवार की सुबह लगभग 7:30 बजे पाइप से खेत पर पानी लगाते समय सड़क पर खड़े किसान गंभीर सिंह (20) पुत्र लाखन सिंह को घने कोहरे में तेज गति से आ रही कार के चालक ने टक्कर मार दी। जिससे किसान गंभीर सिंह बुरी तरह से घायल हो गया। इसके बाद कार चालक ने साइड में चल रहे एक बाइक सवार सचिन को भी टक्कर मार दी। जिससे वह भी सड़क पर गिरकर घायल हो गया। तभी वहां से गुजर रहे लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। आनन-फानन में मौके पर पहुंचे परिजन दोनों को सौ शैय्या युक्त जिला अस्पताल ले गए। जहां पर डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर सिंह को सैफई रेफर कर दिया। जबकि सचिन को मामूली चोट लगने पर प्राथमिक उपचार के बाद घर जाने दिया।