दिबियापुर। 102 व 108 एंबुलेंस कर्मचारियों के मंडलीय प्रशिक्षण के दूसरे दिन शुक्रवार को सीएमओ डॉ. सुरेंद्र कुमार सिंह ने ईएमटी कर्मियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कॉल आते ही मरीज के पास पहुंचे और उसे अस्पताल में इलाज उपलब्ध कराएं।
यह प्रशिक्षण सीएचसी स्थित 50 शैय्या एवं मातृ अस्पताल में एक माह चलेगा। इसमें औरैया, इटावा, जालौन, झांसी व ललितपुर के 102 एवं 108 के ईएमटी प्रतिभाग कर रहे हैं। इसमें ट्रेनर रोहित चंद्रा व दिलीप मिश्रा प्रशिक्षण दे रहे हैं। अस्पताल पहुंचे सीएमओ ने एंबुलेंस कर्मचारियों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि कोई भी मरीज एंबुलेंस के लिए कॉल करता है तो आप लोग सबसे पहले पहुंचे। यदि उसे प्राथमिक उपचार की आवश्यकता है तो घर से या घटनास्थल से प्राथमिक उपचार जरूर दें।
सीएमओ ने कहा कि मरीज को अस्पताल में भर्ती कराएं। किसी भी मरीज को अस्पताल के बाहर नहीं छोड़ना है और न ही किसी प्राइवेट अस्पताल में ले जाना है। इस अवसर पर प्रोग्राम मैनेजर अखिलेश मिश्रा, अधीक्षक डॉ. विजय आनंद आदि मौजूद रहे।