दिबियापुर।
क्षेत्र के बरमूपुर में निर्माणाधीन मेडिकल काॅलेज में काम कर रहे मजदूरों ने निर्माण करा रही कंपनी के कर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया। ठेकेदार के साथ थाने पहुंचे लगभग सौ मजदूरों ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
मंगलवार दोपहर प्रयागराज की कंपनी वान्या कंस्ट्रक्शन के शुभम द्विवेदी एवं वीवीके इंफ्रा कंपनी के विजय कुमार द्विवेदी के साथ लगभग सौ महिला एवं पुरुष मजदूर थाने पहुंचे। शुभम एवं विजय ने बताया कि वह कई महीनों से निर्माणाधीन मेडिकल काॅलेज में मजदूरों को देते हैं। रविवार की रात मेडिकल काॅलेज निर्माण में लगी कंपनी के कर्मियों ने मजदूरों के साथ मारपीट की।
महिला मजदूरों के साथ अभद्रता की। इसके साथ ही कंपनी भुगतान भी नहीं दे रही है। मांग की कि कंपनी कर्मियों पर कार्रवाई की जाए। साथ ही मजदूरों का बकाया भुगतान दिलवाया जाए। एनटीपीसी चौकी प्रभारी पूजा सोलंकी ने मौके पर पहुंचकर मामले की पड़ताल की।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रामसहाय पटेल ने बताया कि मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की पड़ताल की गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं। सीसीटीवी फुटेज में मारपीट की कोई घटना प्रकाश में नहीं आई है। कंपनी ने शुक्रवार तक मजदूरों का बकाया भुगतान ऑनलाइन देने का वायदा किया है। इसपर संतुष्ट होकर लेबर कांट्रेक्टर एवं मजदूर वापस घर चले गए हैं।