औरैया। असेनी पावर हाउस से जुड़े नौगवां फीडर में चार घंटे और कंचौसी फीडर में फॉल्ट आने से तीन घंटे बिजली बाधित रही। 10 गांवों की विद्युत आपूर्ति न होने से लोग गर्मी और उमस से बेहाल रहे। वहीं बात करें बिहारीपुर फीडर की तो लोगों ने बताया कि सुबह के समय जितनी बिजली देते हैं। उसमें 50 बार ट्रिपिंग होती है। उपभोक्ता नंदू शर्मा, चतुर कुमार, लारा गुप्ता, मोनू चौहान आदि लोगों का कहना है कि गर्मी में बिजली का यही हाल होता है। थोड़ी सी बारिश और हवा में बिजली आपूर्ति घंटों बाधित हो जाती हैं। जेई राजेश कुमार ने बताया कि विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल करने रखने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है।(संवाद)
जर्जर केबल बदलवाने के लिए दिया प्रार्थना पत्र
अजीतमल। बिजली के जर्जर तारों से कोई हादसा न हो जाए। इसको लेकर अजीतमल कस्बा के मोहल्ला आर्य नगर निवासी लोगों ने उपखंड अधिकारी विद्युत को ज्ञापन दिया। बताया कि आर्य नगर मोहल्ले में सांई मंदिर के पास से निकली केबल जर्जर हो चुकी है। बंदरों के झूलने से यह टूटकर गिरती रहती है। जर्जर हो चुकी केबल से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। मोहल्ला निवासी अश्वनी, जयेश, अवनीश, अजीत प्रताप समेत काफी संख्या में लोगों ने हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन दिया है। उपखंड अधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि समस्या का स्थलीय निरीक्षण कर शीघ्र समाधान किया जाएगा। (संवाद)