बिधूना। अछल्दा कस्बे सहित क्षेत्र के 12 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति करीब 14 घंटे से अधिक समय तक बाधित रही। नेविलगंज विद्युत उपकेंद्र से बिधूना केंद्र को जाने वाली 33 केवीए लाइन में दो बार फॉल्ट आने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई।
रात करीब डेढ़ बजे बिधूना से अछल्दा आने वाली हाईटेंशन लाइन में रुरुगंज के पास फॉल्ट आ गया। इससे ब्रेकडाउन की स्थिति उत्पन्न हो गई और अछल्दा उपकेंद्र से जुड़े रुरुगंज, गुनौली व मोहम्मदाबाद सहित सभी फीडरों की आपूर्ति बंद हो गई। बिजली न मिलने से तेजपुर, वंशी, सलेमपुर, महाराजपुर, विचौलिया, प्रेमनगर, दिलीपपुर, तुरुकपुर, मुझे की मड़ैया, मोहम्मदाबाद, रुरुगंज, पुरवा पिताराम, रुरुखुर्द, बरकापुरवा, चिरैहा, बाड़ेपुर सहित कई गांवों के उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बृहस्पतिवार सुबह अवर अभियंता धीरेंद्र कुमार ने कर्मचारियों को मौके पर भेजकर फॉल्ट ठीक कराया, जिसके बाद सुबह करीब 10 बजे बिजली आपूर्ति बहाल की गई।
हालांकि, बिजली आपूर्ति बहाल होने के कुछ ही देर बाद, सुबह करीब साढ़े 11 बजे चिरकुआ पावर हाउस के पास लाइन में दोबारा फॉल्ट आ गया और एक बार फिर ब्रेकडाउन हो गया। सूचना मिलते ही लाइनमैन प्रवीण कुमार, मेघ सिंह, सत्येंद्र कुमार तथा अवर अभियंता धीरेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद शाम करीब साढ़े 4 बजे आपूर्ति बहाल की जा सकी। जेई धीरेंद्र कुमार ने बताया कि दो बार लाइन में फॉल्ट आने के कारण यह विद्युत कटौती हुई। लाइन को कर्मचारियों की सहायता से ठीक कर सप्लाई चालू कर दी गई है।