अजीतमल (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के कस्बा बाबरपुर के मोहल्ला शिवाजी नगर निवासी एक महिला को बिजली विभाग का बकायेदार बनना महंगा साबित हुआ। विभाग ने बकायेदार महिला से बिल वसूली करने के लिए उसके पति के खिलाफ ही मामला दर्ज करा दिया। जानकारी होने पर पीड़ित पत्नी ने एसडीएम से न्याय की गुहार लगाई।
सोशल मीडिया पर नगर के ट्रांसफार्मर से बिजली विभाग की मिली भगत से निजी नलकूप चलाने की खबर वायरल होने के बाद बिजली विभाग के अधिकारी बाबरपुर कस्बे के मोहल्ला शिवाजी नगर निवासी निशी सक्सेना पत्नी अनुरोध सक्सेना उर्फ चुन्नू सक्सेना के खेत पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान जेई ने खेत पर मौजूद पानी लगा रहे किसान से कनेक्शन के कागजात मांगे।
जिस पर उक्त किसान कागजात नहीं दिखा सका। जिस पर अधिकारी ने तत्काल मौके पर मौजूद व्यक्ति के खिलाफ अवैध तरीके से एलटी लाइन से कनेक्शन करके बिजली चोरी का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करा दिया। मुकदमा दज होने के बाद जब पुलिस खेत पर काम करने वाले अनुरोध सक्सेना के घर उसे पकड़ने पहुंची तो मौजूद निशि हतप्रभ रह गई। पूछने पर पुलिस ने बताया कि अनुरोध सक्सेना ने एलटी लाइन से अवैध तरीके कनेक्शन करके बिजली चोरी की है। जिसमें उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। महिला ने उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार की है।