अजीतमल। कोतवाली क्षेत्र के सूर्यनगर में ब्लॉक रोड पर रखा ट्रांसफार्मर सोमवार देर शाम मिट्टी धंसने से नाले में गिर गया। इसके कारण करीब 2500 घरों की बिजली गुल हो गई। मंगलवार को मौके पर पहुंचे एसडीओ ने नया ट्रांसफार्मर रखवा दिया है। करीब 24 घंटे बाद भी बिजली नहीं आई है। इसके कारण लोग परेशान हैं।
नगर पंचायत बाबरपुर अजीतमल के नगर का पानी निकालने के लिए जल निगम द्वारा अजीतमल तिराहे से चकसत्तापुर तक नाले का निर्माण कराया जा रहा है। अजीतमल तिराहे से आगे सूर्यनगर पर सड़क किनारे नाले की खुदाई चल रही है। सोमवार देर शाम कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से सड़क के किनारे रखा 250 केवीए का ट्रांसफार्मर खुदे नाले में जा गिरा।
ट्रांसफार्मर से जुड़े 2500 घरों की बिजली चली गई। इसकी सूचना विद्युत विभाग को दी गई। मंगलवार सुबह मौके पर पहुंचे एसडीओ अजीतमल विनोद कुमार शुक्ला और जेई राजवीर ने ठेकेदार को बुलाकर ट्रांसफार्मर को निकलवाया। नया ट्रांसफार्मर रखवाया गया। एसडीओ ने बताया कि शीघ्र ही आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी। बिजली न मिलने से लोगों को पेयजल संकट का सामना भी करना पड़ा। एक्सईएन संतोष कुमार ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।
लोगों ने बताई समस्या
सूर्य नगर निवासी दिव्य ज्योति मिश्रा का कहना है कि कल से बिजली गायब है। जिससे बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। ऑनलाइन कक्षाओं के लिए मोबाइल भी चार्ज नहीं हो पा रहा है।
लक्ष्मीनगर निवासी रविकांत दीक्षित ने बताया कि सोमवार रात में ट्रांसफार्मर गिरने के बाद बिजली संकट गहराया है। पेयजल के लिए भी काफी दूर स्थित हैंडपंप तक पानी भरने को जाना पड़ रहा है।
ब्लॉक रोड निवासी सुबोध कुमार दुबे ने बताया कि सोमवार रात गई बिजली अभी तक नहीं आई है। जिसके चलते घर के इंवर्टर भी धोखा दे गए हैं।
सूर्यनगर निवासी ब्रह्म प्रताप सिंह ने बताया कि बिजली विभाग से लगातार संपर्क किया जा रहा है लेकिन सुबह से बिजली आपूर्ति के नाम पर सिर्फ आश्वासन ही मिला है।
वर्जन
ट्राली ट्रांसफार्मर लगाकर देर रात को बिजली आपूर्ति शुरू करवा दी गई है। स्थायी ट्रांसफार्मर रखे जाने की व्यवस्था की जा रही है। - राजवीर सिंह, जेई बिजली विभाग