औरैया। तेज आंधी व बारिश के कारण शहर के मोहल्ला दयालपुर में गुरुवार रात बरगद का पेड़ एचटी लाइन पर गिर गया। तार टूटने से करीब 13 घंटे बिजली गुल रही। शुक्रवार सुबह लोग पेयजल के लिए भी परेशान रहे।
मोहल्ला दयालपुर में सड़क किनारे खड़ा बरगद का पेड़ गुरुवार रात लगभग 12 बजे आई आंधी व बारिश में टूटकर एचटी लाइन के तारों पर गिर गया। जिससे चारों तार टूटकर पोल समेत सड़क पर गिर गए। गनीमत रही कि बिजली आपूर्ति पहले से ही बंद थी। तार टूटने से ब्रह्मनगर व दयालपुर मोहल्ले की बिजली आपूर्ति बंद हो गई।
लगभग 1500 से अधिक घरों के लोग रात भी बिन बिजली रहे। तार टूटने की जानकारी मिलते ही देर रात मौके पर लाइनमैनों के साथ पहुंचे जेई विवेक खरे ने डबल पोल से निकली दूसरी लाइन से आपूर्ति चालू कराई। इसके बाद 700 घरों की आपूर्ति चालू हो सकी। लेकिन ब्रह्मनगर मोहल्ले में उपभोक्ता सुबह पेयजल के लिए भटकते दिखे। जेई विवेक खरे ने बताया कि जानकारी होने पर रात में ही काफी उपभोक्ताओं की आपूर्ति बहाल करा दी थी। सुबह पेड़ की डालियों को कटवाकर एचटी लाइन के सभी तार जुड़वा दिए। दोपहर लगभग डेढ़ बजे बिजली आपूर्ति सुचारु हो गई।