औरैया। पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी होने में भले ही समय शेष हो, मगर त्रिस्तरीय चुनाव की प्रशासनिक तैयारियों को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है। संवेदनशील, अतिसंवेदनशील प्लस केंद्रों के निर्धारण के साथ ही मतदान कर्मचारियों की फीडिंग का काम पूरा कर लिया गया है। जिले की 477 ग्राम पंचायतों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए 241 सरकारी विभागों के कुल 11095 मतदान कार्मिकों की तैनाती की जाएगी। करीब दो हजार से अधिक मतदान कर्मी रिजर्व में रखे जाएंगे।
25 दिसंबर को ग्राम पंचायतों का कार्यकाल खत्म होने के बाद गांवों के विकास कार्यों के संचालन के लिए प्रशासक तय कर दिए गए। 22 जनवरी को सूची के प्रकाशन के बाद जिले में वर्ष 2015 के मुकाबले मतदाताओं की संख्या में एक लाख 60 हजार 15 की बढ़ोतरी हो गई है। अब मतदाताओं की संख्या मतदाताओं की संख्या नौ लाख नौ हजार 924 हो गई है। ये मतदाता जिले की 477 ग्राम पंचायतों में गांवों के प्रधानों, 5909 पंचायत सदस्यों, 480 क्षेत्र पंचायत सदस्यों व 23 जिला पंचायत सदस्यों की किस्मत का फैसला करेंगे। 75 न्याय पंचायत क्षेत्रों में चुनाव के लिए 787 मतदान केंद्र और 1545 बूथ बनाए गए हैं। इसमें 500 के आसपास मतदान केंद्र संवेदनशील, अति संवेदनशील और अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी में रखे गए हैं, जिन पर कैमरों से निगरानी की जाएगी।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी रावेंद्र सिंह ने बताया कि कर्मचारियों की फीडिंग पूरी हो गई है। राज्य सरकार के 241 विभागों के 11095 मतदान कर्मचारियों की चुनाव में ड्यूटी लगाई जाएगी। ड्यूटी आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रभारियों की तैनाती भी की जा रही है।