अजीतमल (औरैया)। गांव भीखेपुर में रविवार को खेलते समय बच्चों में हुए विवाद में दोनों पक्षों के बड़े भी सामने आ गए। बच्चों की मारपीट में बीच-बचाव करने पहुंचे दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई हो गई।
मामले में मारपीट में घायल बुजुर्ग रामनाथ ने सोमवार की सुबह सैफई में दम तोड़ दिया। घटना में मृतक के पुत्र व पौत्र समेत तीन लोग घायल हैं। पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज की है।
भीखेपुर निवासी विवेक ने बताया कि रविवार को वह चक्की पर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में बच्चों में खेल के दौरान हुए विवाद के बाद गांव के सतीश, सौरभ, सुग्रीव व अतुल उनके भतीजे पीयूष के साथ मारपीट कर रहे थे। जब वह बीच-बचाव कराने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी।
उसकी चीख सुनकर बचाने आए उनके पिता रामनाथ (65) और भाई देवेश को भी आरोपियों ने पीटकर घायल कर दिया। सभी का अजीतमल सीएचसी में इलाज चल रहा था। पिता की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद सैफई रेफर कर दिया था। वहां उपचार के दौरान सोमवार को उनकी मौत हो गई।
इस अनहोनी से परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। वहीं ग्रामीणों में चर्चा है कि पुलिस कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। थानाध्यक्ष ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि चार लोगों पर जान से मारने की धमकी व मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। कुछ आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
रामनाथ की मौत के बाद भीखेपुर गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। एहतियात के तौर पर उच्चाधिकारियों ने गांव में पुलिस फोर्स की तैनाती कर दी है।