अजीतमल (औरैया)। घर से फसल की सिंचाई के लिए निकले बुजुर्ग मजदूर का शव सुबह खेत की मेड़ पर पड़ा मिला। उसके शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतक के बेटे ने हत्या का आरोप लगाया है।
बाबरपुर कस्बे के मोहल्ला इस्लाम नगर निवासी सुरेंद्र सिंह (60) खेत में मड़ैया डालकर रहते थे। शुक्रवार शाम वह बाबरपुर निवासी देवेंद्र के खेत पर मजदूरी पर पानी लगाने गए थे और रात में वहीं रुक गए थे। शनिवार सुबह वह घर नहीं लौटे। शनिवार सुबह कुछ लोग मजदूरी के लिए उनकी तलाश कर रहे थे। जब उन्होंने सुरेंद्र सिंह को खेत की मेड़ पर लेटे हुए देखा तो सोचा आराम कर रहे हैं।
हालांकि, पास जाकर देखने पर जब कोई हलचल नहीं हुई तो परिजन को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजन ने उन्हें मृत पाया। उनकी मौत से बेटे योगेंद्र और छोटू समेत अन्य परिजन का रो-रोकर बेहाल है। सूचना पर सीओ शैलेंद्र सिंह परिहार, कोतवाल विजय बहादुर वर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की। इस दौरान उसके शरीर पर चोट के निशान मिले।
पुलिस की प्राथमिक जांच में गिरने से चोट की बात सामने आई। बाद में फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतक के बेटे योगेंद्र का आरोप है कि पिता की हत्या की गई है। हालांकि उन्होंने थाने में तहरीर नहीं दी। सीओ शैलेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट में मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।