जीआरपी चौकी के बाहर मौजूद मृतक के परिजन।
- फोटो : जीआरपी चौकी के बाहर मौजूद मृतक के परिजन।
दिबियापुर। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर केबिन की मड़ैया गांव के सामने मंगलवार रात एक बुजुर्ग प्रताप सिंह डाउन लाइन पर जा रही एक्सप्रेस ट्रेन से कट गए।
शिनाख्त हो जाने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों के अनुसार बुजुर्ग अपनी बीमारी, पत्नी व बेटे की मौत हो जाने से तनाव में रहते थे।
केबिन की मडैया निवासी प्रताप सिंह (61) खेती किसानी करते थे। मंगलवार रात को गांव के बाहर से निकली रेलवे लाइन पर वह ट्रेन से कट गए। ट्रेन के लोको पायलट ने घटना की जानकारी जीआरपी को दी।
मौके पर पहुंचे जीआरपी चौकी फफूंद प्रभारी इम्तियाज अहमद ने शव को ट्रैक से हटवाकर छानबीन की। बुजुर्ग के पास मिले आधार कार्ड के जरिए जीआरपी ने घटना की जानकारी परिजनों को दी।
अनहोनी पर बेटा सुशांत व गोलू रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। सुशांत ने बताया कि पिता सांस की बीमारी से पीड़ित थे। उनका एक निजी अस्पताल से इलाज चल रहा था। एक साल पहले भाई शिवम व चाह माह पहले मां मीना देवी की मौत के बाद से वह तनाव में रहते थे।
मंगलवार रात को वह घर से बिना बताए निकल आए थे। जीआरपी चौकी प्रभारी इम्तियाज अहमद ने बताया कि परिजनों के अनुसार बुजुर्ग ने बीमारी से तंग आकर जान दी है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।