औरैया। शहर के व्यापारी की पुत्री विज्ञान सेमिनार में हिस्सा लेने के लिए जापान जाएगी। छात्रा के आमंत्रण पत्र को देख छात्रा व उसके परिजनों ने खुशी जताई है। छात्रा ने बताया कि इस कार्यक्रम में उसके अलावा देश से कुल 24 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम 12 से 18 अप्रैल तक चलेगा।
शहर के तिलक नगर, जमाल शाह निवासी व्यापारी अंकुर अग्रवाल की पुत्री कुमारी उन्नति वर्तमान में राजस्थान स्थित मोदी स्कूल में 11वीं की छात्रा है। कुमारी उन्नति के लिए जापान के सकूरा साइंस स्कूल से आमंत्रण आया है। उन्नति ने बताया कि सकूरा साइंस स्कूल में साइंस एवं टेक्नोलॉजी एजेंसी द्वारा एक सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है। इसमें उसे भी आमंत्रण पत्र दिया गया है। बताया कि उसके स्कूल की चार अन्य छात्राओं को भी जापान से आमंत्रण पत्र मिला है। उन्नति हाईस्कूल सीबीएसई में 94 प्रतिशत अंकों के साथ टॉपर्स रही हैं। छात्रा को जापान में आयोजित होने वाले विज्ञान सेमिनार के आमंत्रण से परिजनों ने खुशी जाहिर की है और शुभ चिंतकों ने उन्नति को बधाई दी।