अजीतमल। श्री नारायण इंटर कालेज विपनेट क्लब बडेरा के तत्वावधान में मंगलवार को ‘साइंस टीचिंग इन मॉडर्न एरा’ विषय पर वेबिनार का आयोजन किया गया। वेबिनार में राष्ट्रीय रमन साइंस तथा टेक्नोलॉजी फाउंडेशन के चेयरमैन डॉक्टर चंद्रमौली जोशी ने कहा कि अभी देश को ऑनलाइन शिक्षण में बहुत आगे जाना है। हमारे पास आर्थिक रूप से पिछड़े छात्र-छात्राओं की अधिक है और उनके पास संसाधनों की कमी है। फिर भी हम प्रगति की ओर अग्रसर हैं।
वेबिनार के मुख्य अतिथि विज्ञान प्रसार के वैज्ञानिक डॉ. कपिल त्रिपाठी ने कहा कि भारत सरकार ने ऑनलाइन शिक्षण को बढ़ावा देने के लिए स्वयंप्रभा, दीक्षा चैनल तथा एप के साथ इंडिया साइंस विज्ञान विषयक चैनल के बारे में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को बता रही है। अंजनी बनिक डायरेक्टर त्रिपुरा एवं सूर्य प्रकाश जायसवाल विज्ञान संचारक सीएससी इंदौर ने वीडियो आधारित क्विज कार्यक्रम कराए जाने की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के संयोजक बृजेश दीक्षित प्रधानाचार्य श्री नारायण इंटर कालेज बडेरा ने अगले छह सप्ताह तक चलने वाली वीडियो क्विज प्रतियोगिता के बारे में भी जानकारी दी। कार्यक्रम में हरियाणा, दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, जम्मू कश्मीर तथा अन्य प्रदेशों से शिक्षक एवं अभिभावक तथा छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। संचालन राम बाबू दीक्षित ने किया।